
अतुल ब्यूरो चीफ मेट्रो टुडे…..
सारे गुणा गणित को फेल करते हुए टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को लगभग उतने ही रनों से हरा दिया है जितने रनों से सुपर एट के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से हारी थी। जिम्बाब्वे की इस हार की मुख्य वजह उनके कप्तान सिकंदर रजा रहे जिन्होंने टॉस जीतने के बाद भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दे दिया था।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की जिस पर लोगों को शक था कि यहां लो स्कोरिंग मुकाबले होंगे उसी पिच पर रनों का पहाड़ दोनों टीमों ने खड़ा कर दिया। भारतीय टीम ने इस टी20 विश्वकप ही नहीं बल्कि पूरे टी20 विश्वकप इतिहास का अपना सबसे बड़ा टीम टोटल बनाया। 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाने के बाद टीम इंडिया को उम्मीद रही होगी कि कम से कम डेढ़ सौ रनों के अंतर से जीत मिलेगी लेकिन जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट ने कुछ अलग ही सोच रखा था जिसकी वजह से जिम्बाब्वे मात्र 72 रनों से ही मुकाबला हारा।
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने जबरदस्त पारी खेलते हुए मात्र 59 गेंदों पर 8 चौके और 6 छक्के की सहायता से नाबाद 97 रनों की पारी खेली। हालांकि उनकी इस पारी के बवाजूद उनकी टीम मैच हार गई। टीम इंडिया की इस जीत के बाद अब सेमी फाइनल में जाने के लिए ग्रुप एक से भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों के पास पूरा मौका है। 1 मार्च को होने वाला भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच मैच अब एक क्वार्टर फाइनल की तरह हो गया है जिसमें जीतने वाली टीम को सीधा सेमी फाइनल का टिकट मिलेगा। अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हुआ तो टीम इंडिया रन रेट के हिसाब से सेमी फाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी।


















