
संदीप सबरवल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
उत्तराखंड के टिहरी में मां कुंजापुरी मेले के एक कार्यक्रम से जुड़ा मामला चर्चा में है। अक्टूबर 2026 में नवरात्रि के दौरान यहां परफ़ॉर्म कर रहे पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्टेज पर आकर बीच में रोक दिया था।
1. मंत्री का पक्ष: सुबोध उनियाल का आरोप था कि दलेर मेहंदी नशे में लग रहे थे और ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। उन्होंने कहा कि ये मां दुर्गा की पूजा से जुड़ा कार्यक्रम है और लोग एक बड़े कलाकार को सुनने आए थे। बाद में उन्होंने ANI से कहा कि सिंगर लिप-सिंक कर रहे थे, जबकि उन्हें करीब ₹35 लाख की फ़ीस दी गई थी।
2. स्टेज पर दलेर: वायरल क्लिप में दलेर मेहंदी बहस नहीं करते, बल्कि हाथ जोड़कर मंत्री से स्टेज से जाने की गुज़ारिश करते दिखते हैं।
3. मीका सिंह का जवाब: छोटे भाई मीका सिंह ने कहा, “क्या आपने आज तक दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखा है? नहीं देखा। जब आपने देखा ही नहीं तो आपने सीधा बोल दिया।” उन्होंने बताया कि दलेर की बड़ी सर्जरी हुई है और वो अभी ठीक हो रहे हैं। मीका ने ये भी माना कि पैसे देने वाले को शो की क्वालिटी पर सवाल उठाने का हक़ है, लेकिन शराब का आरोप गलत है।
4. कपिल शर्मा का साथ: कपिल शर्मा ने मीका का video शेयर कर लिखा, “paji went through some serious surgery which people don’t know. All we need is to be little kinder towards other. We don’t know what someone is going through.” (पाजी की एक गंभीर सर्जरी हुई है, जो लोग नहीं जानते। हमें बस एक-दूसरे के प्रति थोड़ा नरम होना चाहिए, हम नहीं जानते कि कोई किस दौर से गुज़र रहा है)। बादशाह, शान और नील नितिन मुकेश ने भी दलेर का समर्थन किया।
फ़िलहाल न शराब के आरोप की कोई जांच रिपोर्ट सामने आई है, न सर्जरी की कोई मेडिकल जानकारी। दलेर मेहंदी ने ख़ुद इस पर अब तक विस्तार से कुछ नहीं कहा है।



















