
आरती ब्यूरो चीफ की कलम से
राजस्थान के चुरू जिले में स्थित सालासर धाम मंदिर में हिसार के परिवार से मारपीट के मामले में कंट्रोवर्सी बढ़ती जा रही है। आज मामले में हिसार के पीडब्ल्यूडी संस्था पड़ाव चौक के प्रांगण में व्यापारी संगठनों ने पंचायत बुलाई है।
वहीं यमुनानगर के BJP नेता जतिश शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर हिसार के परिवार का समर्थन किया है। जतिश शर्मा ने बताया कि मेरे साथ भी मंदिर के बाउंसरों ने गलत व्यवहार किया। वीडियो कॉल करने पर उनके हाथ पर डंडा मारा गया। वहां बाउंसर मारपीट पर उतारू रहते हैं। पुजारियों का व्यवहार भी आमजन के लिए ठीक नहीं रहता।
भाजपा नेता ने बताया कि वह पहली बार सालासर मंदिर गए थे, मगर मंदिर का सिस्टम पूरी तरह करप्ट है और वहां वीआईपी कल्चर हावी है, जो पैसा देगा, उसके लिए सब कुछ होगा। भाजपा नेता ने कन्हैया मित्तल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह उन परिवारों व लोगों के साथ भी मंदिर जाएंगे, जिनके साथ बाउंसर व पुजारी अब तक गलत करते आए हैं।



















