
संदीप सबरवल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
कानपुर। प्रतिबंधित ऑनलाइन गेम और आइपीएल मैचों में सट्टे खिलवाकर 250 करोड़ से अधिक की ठगी का साम्राज्य बनाने वाले गिरोह का बादशाह बीटेक पास सुल्तान मिर्जा दुबई में बैठकर पूरा नेटवर्क चला रहा है। वह ठगी की रकम हवाला कारोबार के लिए इस्तेमाल करता है।
पुलिस को उसके मुंबई, बिहार, नोएडा, दिल्ली व कोलकाता के ठिकानों की जानकारी मिली है। आशंका है कि उसने वहां करोड़ों की संपत्तियां बनाई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
उसके गिरोह के खास साथी राजवीर सिंह और शिवम सिन्हा की गिरफ्तारी की भनक लगते ही सुल्तान मिर्जा ने वकील के माध्यम से कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र भी दे चुका है।
250 करोड़ रुपये की ठगी की
बर्रा थाना पुलिस ने 250 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में मूलरूप से औरैया के दिबियापुर व हाल पता बर्रा सात निवासी राजवीर सिंह और गुजैनी निवासी शिवम सिन्हा को गिरफ्तार किया था।
उन दोनों की पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे गिरोह का सरगना मूलरूप से बिहार के सासाराम व हाल पता रतनलाल नगर निवासी अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा उर्फ जान सेना, उर्फ वैलनटाइन है। वे लोग सुल्तान को ही म्यूल खाते देते हैं, जिसके लिए प्रतिमाह 25 हजार रुपये मिलते थे।
कानपुर में खोले थे सात सेंटर
इसके लिए राजवीर और उसने अन्य साथियों के साथ शहर में सात सेंटर खोल रखे थे, जहां दस्तावेज बनवाने से लेकर खाते खुलवाने तक का काम होता था। सुल्तान ही ठगी की रकम को हवाला कारोबार में लगाता और कुछ घंटों में देश के किसी भी कोने में भिजवा देता था।
बर्रा थाना पुलिस के मुताबिक, सुल्तान मिर्जा के बिहार, नोएडा, दिल्ली,मुंबई और कोलकाता में भी ठिकाने हैं। वहां भी उसके लिए गुर्गे म्यूल खाते उपलब्ध कराने के लिए काम करते हैं। सुल्तान की उन जगहों पर भी करोड़ों की संपत्ति होने की आशंका है। सुल्तान इस समय दुबई में होना बताया जा रहा है।
डांस का वीडियो हुआ है वायरल
उसका एक वीडियो भी दुबई का प्रचलित हो रहा है, जहां वह बार गर्ल के साथ नाचते और नोट उड़ाते दिख रहा था। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया। पुलिस की एक टीम मुंबई और दूसरी नोएडा उसके गुर्गों के ठिकानों पर दबिश दे रही है।



















