
आरती ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट राजस्थान से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बेहद सुकून देने वाली और मनचलों को कड़ा सबक सिखाने वाली खबर सामने आई है। प्रदेश में छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणियों की बढ़ती शिकायतों पर राजस्थान पुलिस ने 14 और 15 मई को एक विशेष और सीक्रेट अभियान चलाया। इस अभियान के तहत ‘कालिका पेट्रोलिंग’ यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों को आम महिलाओं की तरह सिविल ड्रेस में संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया था। नतीजा यह हुआ कि भद्र पुरुष का चोला ओढ़े 140 से ज्यादा बदमाश रंगे हाथों दबोचे गए।
‘चलिए आइसक्रीम खिलाता हूँ’ बोलकर फंसा मनचला
जयपुर के मशहूर पर्यटन स्थल जलमहल पर पर्यटकों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान एक मनचला युवक वहां खड़ी एक महिला के पास पहुँचा और अश्लील लहजे में बोला— “चलिए मैडम! आपको आइसक्रीम खिलाता हूँ।” युवक को अंदाज़ा भी नहीं था कि वह जिससे बदतमीजी कर रहा है, वह सिविल ड्रेस में तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की पुलिसकर्मी मुकेश कसाना थीं। महिला पुलिसकर्मी ने तुरंत अपनी टीम को इशारा किया और कुछ ही मिनटों में वह युवक हवालात की सलाखों के पीछे था।
बस में कोहनी मारने वाले को सिखाया सबक, पूछा- ‘तुम कौन होती हो?’
ऐसा ही एक वाकया एक चलती बस में हुआ। महिला पुलिसकर्मी सुनीता ने देखा कि एक युवक बगल की सीट पर बैठी कॉलेज की छात्रा को लगातार कोहनी मारकर परेशान कर रहा था और लड़की डर के मारे सहमी हुई थी। जब सुनीता ने उस युवक को तोका और रोकने की कोशिश की, तो वह रौब झाड़ते हुए बोला— “तुम कौन होती हो बोलने वाली?” सुनीता ने बिना वक्त गंवाए अपना पुलिस पहचान पत्र (ID Card) उसके सामने रख दिया। आईडी देखते ही युवक के होश उड़ गए और पुलिस उसे बस से सीधे थाने ले गई।
शराब पीकर फब्तियां कसने वाले और स्कूल की बच्चियों का पीछा करने वाले भी दबोचे
• जलमहल का जंगल: पुलिसकर्मी शर्मिला की टीम जब सिविल ड्रेस में गश्त कर रही थी, तो जंगल की तरफ शराब पी रहे कुछ युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों को आम लड़कियां समझकर उन पर अश्लील टिप्पणियां शुरू कर दीं। टीम में 4 महिला पुलिसकर्मी और 2 मेल पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और ब्रह्मपुरी थाने भिजवाया।
• स्कूली छात्रा से जबरदस्ती: एक अन्य मामले में, स्कूली छात्रा को कई दिनों से परेशान करने वाले और अकेले में मिलने का दबाव बनाने वाले युवक को पुलिसकर्मी सुशीला ने दबोचा। आरोपी ने छात्रा के साथ जोर-जबरदस्ती की थी, जिससे आरोपी की शर्ट का कपड़ा फट गया था, जो पुलिस के लिए अहम सबूत बना।
• दादी का फाटक: एक छात्रा की शिकायत पर कालिका टीम ने ‘दादी का फाटक’ इलाके से बस में गंदी बातें करने वाले आरोपियों को छात्रा की निशानदेही पर रंगे हाथों दबोचा। वह लड़की को 2-3 दिन से लगातार परेशान कर रहे थे।
48 घंटे में पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां
इस विशेष अभियान के तहत राजस्थान के अलग-अलग जिलों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई:
• जयपुर पुलिस आयुक्तालय: 17 आरोपी गिरफ्तार
• खैरथल-提जारा: 14 आरोपी गिरफ्तार
• कोटपूतली-बहरोड़: 11 आरोपी गिरफ्तार
• हनुमानगढ़, झुंझुनूं और बूंदी: 10-10 आरोपी
• डूंगरपुर और सवाईमाधोपुर: 9-9 आरोपी
• जोधपुर आयुक्तालय और भिवाड़ी: 8-8 आरोपी
जानिए क्या है ‘कालिका पेट्रोलिंग’ यूनिट?
यह राजस्थान पुलिस की एक विशेष विंग है, जिसे विशेष रूप से महिलाओं, छात्राओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए गठित किया गया है। इस टीम की खासियत यह है कि इसकी महिला पुलिसकर्मी वर्दी के बजाय सिविल ड्रेस (सादे कपड़ों) में स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, पार्क, कैफे और पर्यटन स्थलों पर आम नागरिकों की तरह मौजूद रहती हैं। हेल्पलाइन पर शिकायत मिलते ही या किसी को हरकत करते देखते ही यह टीम रंगे हाथों एक्शन लेती है।



















