
संदीप सबरवा ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट जज अमन कुमार शर्मा ने कथित खुदकुशी से एक रात पहले अपने पिता को फोन किया था। तब उन्होंने रोते हुए कहा था, पापा मैं बहुत तनाव में हूं, मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने अब गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
May 04, 2026
जज अमन शर्मा की मौत मामले में पत्नी, IAS साली और ससुराल पक्ष आरोपी
दिल्ली में 30 वर्षीय न्यायाधीश अमन कुमार शर्मा की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अमन के पिता की शिकायत पर दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया गंभीर आरोप
पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर मृतक की पत्नी, साली (IAS Nidhi Malik) और अन्य परिजनों को आरोपी बनाया गया है, जिससे केस ने पारिवारिक विवाद से आगे बढ़कर आपराधिक जांच का रूप ले लिया है।
ये भी पढ़ें
पापा मैं थक चुका हूं! जज अमन शर्मा की मौत मामले में आया नया मोड़, पिता का सनसनीखेज खुलासा
नई दिल्ली
जज पत्नी और IAS साली भी आरोपी
जज अमन कुमार शर्मा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में उनकी पत्नी स्वाति मलिक (Swati Malik), जो तीस हजारी कोर्ट में जज हैं, और उनकी साली निधि मलिक को मुख्य आरोपी बनाया गया है। वर्तमान में आईएएस (IAS) अधिकारी निधि मलिक जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। इनके अलावा स्वाती मलिक के माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति को भी इस एफआईआर में नामजद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि ये सभी लोग जज अमन कुमार शर्मा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। जिसके कारण वह गहरे मानसिक तनाव में थे और आखिरकार आत्महत्या जैसा चरम कदम उठा लिया।
ग्रीन पार्क आवास में फंदे से लटका मिला था शव
जानकारी के अनुसार, अमन कुमार शर्मा शनिवार (2 मई) को दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए थे। वह कड़कड़डूमा कोर्ट में दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। पुलिस को घटना की सूचना अमन के बहनोई शिवम ने शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर फोन कर दी थी।
पत्नी-बच्चे अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचे
दिल्ली में जज अमन शर्मा की आत्महत्या के बाद उनका शव अलवर लाया गया, जहां रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में न तो अमन की पत्नी आई थी और न ही ससुराल पक्ष का कोई रिश्तेदार। पिता ने रोते हुए बेटे को मुखाग्नि दी।
अमन के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें से एक की उम्र एक साल से कम है। शर्मा ने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल (SLS) से बीए-एलएलबी की डिग्री ली थी और 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए। उसी साल उन्होंने अपनी बैचमेट स्वाति मलिक से प्रेम विवाह किया था।
बाथरूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या
पुलिस के मुताबिक, अमन शर्मा ने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या की। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। हालांकि अमन के परिवार की शिकायत के बाद अब केस की दिशा बदल गई है।
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अमन शर्मा अपनी पत्नी और साली द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण गहरे तनाव में थे। परिवार का दावा है कि इसी दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
#justice



















