
राश्मि शर्मा ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
ग्लोबल पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम से अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की शानदार शुरुआत की। बारिश और तकनीकी दिक्कतों के चलते कॉन्सर्ट में थोड़ी देरी हुई, लेकिन दिलजीत के मंच पर आते ही करीब 70 हजार दर्शकों से भरा स्टेडियम उत्साह से गूंज उठा।
दिलजीत ने ‘मोर्नी’ गाने से परफॉर्मेंस की शुरुआत की और इसके बाद ‘G.O.A.T.’, ‘लवर’, ‘नैना’, ‘इक्क कुड़ी’, ‘5 तारा’ और ‘किन्नी किन्नी’ जैसे अपने कई हिट गानों पर फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, शो के ग्रैंड फिनाले में शानदार ड्रोन लाइट शो ने दिल्ली के आसमान को रोशन कर दिया। ड्रोन्स के जरिए ‘पंजाबी आ गए ओए’ और ‘आई एम आर्टिस्ट ब्रो’ जैसे संदेश भी दिखाए गए।
कॉन्सर्ट का एक भावुक पल तब आया, जब दिलजीत ने सुरक्षा में तैनात एक महिला CRPF अधिकारी को मंच पर बुलाया और उनमें अपनी मां की छवि देखने की बात कही। उन्होंने दिल्ली पुलिस, CRPF और दिल्ली मेट्रो का भी आभार जताया।
इसके अलावा आलोचनाओं पर जवाब देते हुए दिलजीत ने कहा, ‘पंजाबियों को जंग लड़ना मत सिखाओ।’ उन्होंने साफ किया कि तमाम मुश्किलों के बावजूद वह अपने भारत टूर के सभी शो पूरे करेंगे।


















