

सुशील शंकर विग एडिटर इन चीफ की रिपोर्ट जयपुर नगर निगम के राजापार्क क्षेत्र के वार्ड नं. 80 में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्षद रेनू जितेन्द्र चौधरी शुक्रवार प्रातः 5 बजे जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में पहुँचीं। अपने पार्षद को अल सुबह 5 बजे ही आने से क्षेत्र के निवासी हैरान थे क्यों कि आज तक उन्होंने ऐसा देखा नहीं था कि कोई इतनी सुबह आकर उनकी तकलीफों का निदान करेगा।विभिन्न गलियों में क्षेत्रवासियों से संवाद कर पानी नहीं आने एवं कम प्रेशर की समस्याओं की वास्तविक स्थिति मौके पर देखी गई तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई।
पार्षद रेनू जितेन्द्र चौधरी ने बताया कि नई पेयजल लाइन शुरू होने के बाद जिन स्थानों से पहले गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं, वहाँ स्थिति में सुधार देखने को मिला है। वहीं कुछ घरों में पानी की उपलब्धता एवं प्रेशर से संबंधित शुरुआती समस्याएँ सामने आई हैं। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर जलदाय विभाग के साथ समन्वय से आवश्यक सुधार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि “पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता से जुड़ी परेशानी किसी परिवार के लिए केवल एक शिकायत नहीं, बल्कि उसकी रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा विषय है। हमारा प्रयास है कि समस्या को मौके पर समझा जाए और संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।”
निरीक्षण के दौरान स्थानीय साथियों एवं क्षेत्रवासियों ने भी अधिकारियों को अलग-अलग स्थानों की स्थिति से अवगत कराया। पार्षद ने समस्याओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने और निरीक्षण के दौरान सहयोग करने वाले क्षेत्रवासियों एवं स्थानीय साथियों के साथ जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वार्ड का प्रत्येक मोहल्ला, गली और परिवार समान रूप से महत्वपूर्ण है। जिन स्थानों पर सुधार हुआ है, वहाँ व्यवस्था को और बेहतर करने तथा जहाँ समस्या शेष है, वहाँ विभाग के सहयोग से समाधान के प्रयास जारी रहेंगे। क्षेत्रवासियों से भी पानी से संबंधित किसी समस्या की जानकारी गली एवं स्थान सहित उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।



















