
वीना विग एडिटर की रिपोर्ट जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में मणिहारों का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह 7 बजे भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर कपड़ों की दुकान के बाहर कार्टन में रखे सामान में आग लगी थी। धीरे-धीरे आग की चपेट में 20 से ज्यादा दुकानें आ गईं। इनमें कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान और चूड़ी-बैंगल्स की दुकानें शामिल हैं।
आग की लपटें और धुआं सुभाष चौक से लेकर चांदपोल तक दिखाई दे रहा था। जहां आग लगी, वहां से कुछ ही दूरी पर माणक चौक थाना है। धुआं उठता देखकर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
सुबह करीब 8 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। 15 से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। संकरी जगह और दुकानों में रखे सामान के कारण दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ रही है।
इलाके की बिजली बंद कर दी गई है। बिल्डिंग में फायर सेफ्टी के लिए लगे इक्विपमेंट्स बंद पड़े हैं।


















