
सुशील शंकर विग एडिटर इन चीफ की रिपोर्ट
उज्बेकिस्तान में केरल की मेडिकल छात्रा की बेरहमी से हत्या, क्लासमेट ने लैपटॉप से सिर पर किया वार, जबरन धर्म परिवर्तन का बना रहा था दबाव*
विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना लेकर गई केरल की एक होनहार बेटी की उज्बेकिस्तान में बेरहमी से हत्या कर दी गई है। उज्बेकिस्तान के बुखारा स्टेट मेडिकल इंस्टीट्यूट में एमबीबीएस (MBBS) प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय छात्रा सावरिया बसंत की उसके ही सहपाठी ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब उज्बेक जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि आरोपी द्वारा मृतका पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। पीड़िता के शव को केरल लाए जाने के बाद स्थानीय पुलिस ने मृतका के माता-पिता की शिकायत पर हत्या का जीरो FIR मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह पूरी दर्दनाक घटना उज्बेकिस्तान के बुखारा शहर की है, जहां केरल और देश के अन्य हिस्सों से कई छात्र मेडिकल की पढ़ाई करने गए हैं। केरल के अलाप्पुझा जिले के हरिपाद की रहने वाली सावरिया बसंत (22) और केरल के ही मलप्पुरम जिले का रहने वाला सदरुल अनम (22) दोनों बुखारा स्टेट मेडिकल इंस्टीट्यूट में सहपाठी थे। 23 जुलाई को कॉलेज परिसर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। गुस्से में आगबबूला होकर आरोपी सदरुल अनम ने सावरिया पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने सावरिया के सिर पर भारी-भरकम लैपटॉप से कई वार किए।
उज्बेक पुलिस की जांच में कई चश्मदीद छात्रों ने बयान दिया है कि उन्होंने संदिग्ध आरोपी सदरुल को घटना से पहले छात्रा पर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाते और प्रताड़ित करते हुए देखा था। मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसे बेरहमी से पीटा गया था। घटना की सूचना मिलते ही बदहवास माता-पिता तुरंत उज्बेकिस्तान पहुंचे और वहां की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बेटी के शव को अपने गृह नगर हरिपाद लेकर आए।



















