
वीना विग एडिटर की रिपोर्ट
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की हमशक्ल चर्चा में आ गई। मामला उस समय दिलचस्प हो गया, जब दिल्ली पुलिस ने एक महिला को नेहा बोरा समझकर पकड़ लिया। पुलिसकर्मियों को लगा कि उन्होंने छात्र नेता को हिरासत में ले लिया है, लेकिन बाद में पता चला कि महिला नेहा बोरा नहीं, बल्कि उनकी हमशक्ल है। इस दौरान असली नेहा बोरा अपने साथियों के साथ कनॉट प्लेस में प्रदर्शन कर रही थीं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटनाक्रम आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। दोनों जगहों के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी थी, जिससे पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों के बीच पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई।
मास्क, लाल कपड़ा और चश्मे ने बढ़ाया भ्रम
रिपोर्ट के मुताबिक, आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली पुलिस के जवानों ने एक महिला का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। महिला के चेहरे और पहनावे में नेहा बोरा से समानता होने के कारण पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद कुछ लोगों को लगा कि वही छात्र नेता हैं। महिला ने मास्क पहन रखा था, गले में लाल कपड़ा था और गोल काले फ्रेम वाला चश्मा लगाया हुआ था। जब महिला पुलिसकर्मी उसे बस में बैठाने लगे, तब पहचान को लेकर भ्रम सामने आया। मौके पर मौजूद कुछ मीडियाकर्मी भी नेहा बोरा को हिरासत में लिए जाने की खबर देने लगे थे। हालांकि, असली नेहा बोरा उस समय कनॉट प्लेस में अपने साथियों के साथ प्रदर्शन कर रही थीं।
नेहा बोरा की पोस्ट के बाद शुरू हुआ घटनाक्रम
इस पूरे मामले की शुरुआत नेहा बोरा की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक पोस्ट से हुई थी। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा था कि वे उन पर ध्यान रखें और जल्द ही समय व जगह की जानकारी दी जाएगी। इसके कुछ घंटे बाद उन्होंने एक और वीडियो जारी किया, जिसमें समर्थकों से दोपहर ढाई बजे आरके आश्रम पहुंचने को कहा गया था। इस बीच आरके आश्रम में मौजूद उनकी हमशक्ल को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि असली नेहा बोरा अपने साथियों के साथ कनॉट प्लेस पहुंच गईं। नेहा बोरा ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि उन्होंने बैरिकेड पार कर लिए हैं और वे कनॉट प्लेस पहुंच गई हैं। हालांकि, घटनाक्रम के अंत में असली नेहा बोरा को विजय चौक से पुलिस ने हिरासत में ले लिया।



















