
राश्मि शर्मा ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट मुंबई से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में CJP के तीन सदस्यों अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान के अंदर हिरासत में लिए जाने के दौरान कुछ यात्रियों ने नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ यात्रियों को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “कचरा साफ हो गया।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रियों की नाराजगी की एक वजह विमान के संचालन में हुई देरी भी थी। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि इस घटनाक्रम के कारण उनकी करीब 20 से 25 मिनट की देरी हुई, जिससे कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने और जरूरी कामों को लेकर परेशानी हो सकती थी।
वीडियो में एक यात्री ने कथित तौर पर कहा कि यदि वोटों में गड़बड़ी हुई है, तो उसके समाधान के लिए सुप्रीम कोर्ट जैसे संस्थान मौजूद हैं। इसी दौरान सौरव दास और कुछ यात्रियों के बीच बहस भी हुई। दास ने विरोध कर रहे लोगों से कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए, जिस पर एक महिला यात्री ने पलटकर जवाब दिया कि शर्म उन्हें आनी चाहिए।
हिरासत के दौरान तीनों CJP सदस्यों ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस घटना ने विमान के भीतर राजनीतिक मतभेदों और विरोध प्रदर्शन को लेकर यात्रियों की अलग-अलग प्रतिक्रियाओं को सामने ला दिया।



















