
वीना विग एडिटर की रिपोर्ट
#हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अतरौली मार्ग पर तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से लगभग 500 मीटर पहले सड़क किनारे दोनों शव पड़े होने की सूचना सुबह करीब 9:37 बजे डायल 112 पर मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। मृतकों की पहचान अरुण चौरसिया (26) पुत्र जयप्रकाश चौरसिया निवासी ग्राम रेसों, थाना कछौना तथा अभिषेक चौरसिया (27) पुत्र शिवराम चौरसिया निवासी ग्राम गौहनिया, थाना कछौना के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी संडीला एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।



















