
सुशील शंकर विग एडिटर इन चीफ की कलम से जयपुर सहित पूरे राजस्थान में निजी चिकित्सा सेवाओं को 24 घंटे के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान द्वारा लिया गया है, जिसके बाद राजधानी जयपुर में भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हलचल बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार यह निर्णय जयपुर स्थित एक अस्पताल के निदेशक डॉ. सोन देव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में लिया गया है। आईएमए के पदाधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रदेशभर के डॉक्टरों में नाराजगी है और इसे चिकित्सकीय पेशे की गरिमा से जोड़कर देखा जा रहा है।
आईएमए के अनुसार संबंधित मामले में मेडिकल बोर्ड द्वारा किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई गई, इसके बावजूद कथित अनियमितताओं के आधार पर गिरफ्तारी की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से डॉक्टरों के मनोबल पर असर पड़ सकता है। जयपुर में इस फैसले के बाद मरीजों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है



















