
संदीप सबरवल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट 

*नितिन नबीन के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, राघव लखनपाल ने दिखाई संगठन की ताकत*
शंखनाद और स्वस्तिवाचन के बीच हुआ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन, भगवान परशुराम की प्रतिमा की भेंट
मां शाकुंभरी की पावन धरा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन पर कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जयकारों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य अभिनंदन किया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने जहां भाजपा की संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया, वहीं राघव लखनपाल शर्मा ने भी अपनी मजबूत राजनीतिक और संगठनात्मक पकड़ का प्रदर्शन किया।
बटुक ब्राह्मणों के स्वस्तिवाचन और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह तथा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का भी जोरदार स्वागत किया गया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों और विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के पुराने, समर्पित एवं जमीनी कार्यकर्ता कार्यक्रम में पहुंचे। प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि कार्यकर्ताओं की विशाल उपस्थिति राघव लखनपाल शर्मा की लंबी राजनीतिक पारी, व्यापक जनाधार, संगठन पर मजबूत पकड़ और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण बनी। आयोजन और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
स्वागत समारोह के दौरान समर्थकों ने पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा को कंधों पर उठा लिया। जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। राघव लखनपाल शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट की, जिसे नितिन नबीन ने आत्मीयता के साथ स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने आगे बढ़कर पूर्व सांसद से हाथ मिलाया और भव्य आयोजन पर प्रसन्नता जताई।
कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, हेमंत अरोड़ा, अमित गगनेजा, पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू, नरेश सैनी, शशिबाला पुंडीर, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, डीसीडीएफ चेयरमैन सोनेंद्र राणा, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी राजपाल सिंह जुड्डा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह पुंडीर, योगेश प्रमुख, करण सिंह प्रमुख, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नूतन शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष वर्षा चोपड़ा, शशि त्यागी और ठाकुर राजबीर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सह-संयोजन में पूर्व सांसद के निकट सहयोगी किशोर चौधरी की प्रमुख भूमिका रही। जिले और महानगर के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का सहारनपुर आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कहा, “यह जनसैलाब किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति अटूट विश्वास का सम्मान है। सहारनपुर का कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ पार्टी के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयार है।”
राजनीतिक दृष्टि से भी इस स्वागत समारोह को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में जुटी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने साफ संदेश दिया कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों से पहले भाजपा संगठन अपनी ताकत और एकजुटता प्रदर्शित करने में जुट गया है।



















