
नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह तीन देशों की यात्रा पर रवाना हो गए हैं. इस दौरे में उनका पहला पड़ाव इंडोनेशिया होगा, जहां वह 6 से 9 जुलाई तक रुकेंगे. इंडोनेशिया आज दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम-बहुल देश है.
यहां की लगभग 28 करोड़ की आबादी में करीब 87-90% लोग आज इस्लाम को मानते हैं. लेकिन इस बदलाव की सबसे खास बात यह है कि यह किसी बड़े युद्ध, सैन्य विजय या जबरन धर्मांतरण का परिणाम नहीं रहा. इसके बजाय यह परिवर्तन कई सदियों तक चली एक धीमी, शांत और सामाजिक प्रक्रिया का परिणाम था, जिसमें व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सूफी परंपरा और स्थानीय राजाओं की भूमिका बेहद अहम रही.
आज जिस इंडोनेशिया को हम मुस्लिम बहुल देश के रूप में जानते हैं, वह कभी हिंदू और बौद्ध सभ्यताओं का बड़ा केंद्र था. लेकिन इतिहास की परतें खोलने पर पता चलता है कि यहां धर्म परिवर्तन किसी एक घटना का परिणाम नहीं, बल्कि एक लंबी सामाजिक यात्रा थी.
व्यापार के रास्ते आया इस्लाम
इंडोनेशिया में इस्लाम का आगमन लगभग 12वीं से 13वीं शताब्दी के बीच माना जाता है. उस समय यह क्षेत्र ‘पूर्वी द्वीप समूह’ के नाम से जाना जाता था और मसालों के व्यापार का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र था. लौंग, जायफल, दालचीनी जैसे कीमती मसाले यहां प्रचुर मात्रा में मिलते थे, जिनकी मांग अरब और फारस के देशों से लेकर भारत और चीन तक थी.
मुस्लिम व्यापारी नियमित रूप से समुद्री रास्तों से यहां पहुंचते थे. वे केवल व्यापार ही नहीं करते थे, बल्कि अपने साथ अपनी संस्कृति, धार्मिक आचरण और सामाजिक व्यवहार भी लेकर आते थे. स्थानीय लोगों के लिए इन व्यापारियों का व्यवहार आकर्षक था- ईमानदारी, अनुशासन और आपसी समानता पर आधारित जीवन शैली ने धीरे-धीरे लोगों का ध्यान खींचा.
इसी व्यापारिक संपर्क ने इस्लाम के लिए एक ऐसा रास्ता बनाया, जिसमें किसी प्रकार की हिंसा या दबाव की जरूरत नहीं पड़ी.
इस्लाम की स्वीकार्यता
उस समय इंडोनेशिया में मुख्य रूप से हिंदू और बौद्ध धर्म का प्रभाव था, खासकर जावा और सुमात्रा जैसे बड़े द्वीपों में. लेकिन सामाजिक संरचना में कठोर जाति व्यवस्था जैसी जटिलताएं नहीं थीं, जिससे नए विचारों और धर्मों के लिए जगह बनना काफी हद तक आसान था.
इंडोनेशिया में आज भी हिन्दू संस्कृति के रंग दिखते है.
एक ईश्वर में विश्वास और सामाजिक समानता जैसा इस्लाम का संदेश स्थानीय समाज के बड़े हिस्से को आकर्षित करने लगा. खास तौर से व्यापारियों और तटीय इलाकों की आबादी ने इसे जल्दी अपनाया क्योंकि यह उनके सामाजिक और आर्थिक जीवन से मेल खाता था.
सूफी संतों की भी बड़ी भूमिका
इंडोनेशिया में इस्लाम के प्रसार का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय सूफी परंपरा से जुड़ा है. यहां ‘वली सोंगो’नाम के नौ सूफी संतों को इस्लाम के प्रसार का प्रमुख स्तंभ माना जाता है. ये संत 15वीं और 16वीं शताब्दी के बीच जावा द्वीप पर सक्रिय थे.
इन सूफी संतों ने इस्लाम को स्थानीय संस्कृति के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया. उन्होंने किसी प्रकार के संघर्ष या दबाव का सहारा नहीं लिया, बल्कि प्रेम, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक समावेशन को अपनाया.
वे स्थानीय कला, संगीत, नृत्य और पारंपरिक रंगमंच ‘वायांग’ का उपयोग लोगों को शिक्षित करने के लिए करते थे. हिंदू-बौद्ध परंपराओं का सम्मान करते हुए उन्होंने इस्लाम को स्थानीय जीवन का हिस्सा बना दिया.
इसी कारण इंडोनेशिया में इस्लाम का रूप आज भी अपेक्षाकृत मध्यम और सांस्कृतिक विविधता से जुड़ा हुआ माना जाता है.



















