
आशा ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट फिल्म द बर्निंग ट्रेन का मुहुर्त शॉट लिया जाना था। अंधेरी स्टेशन के प्लेफॉर्म नंबर एक पर एक ट्रेन खड़ी थी और काफी लोगों की भीड़ जमा थी। वहीं एक पिलर के पास एक विदेशी भी खड़ा था। वो विदेशी किसी से मिलने वहां आया था। थोड़ी देर बाद एक महिला उस विदेशी के पास आई और बोली,”हैलो। आई एम परवीन बाबी।” विदेशी ने कुछ सेकेंड्स तक महिला को ऊपर से नीचे तक देखा।
फिर अपनी जेब से टाइम मैगज़ीन की एक मुड़ी हुई कॉपी निकालकर बोला,”तुम परवीन बाबी नहीं हो। ये परवीन बाबी है।” उसने महिला की तरफ मैगज़ीन बढ़ाते हुए कहा। महिला हंसी और उसने जवाब दिया,”इस तस्वीर में मैंने फुल मेकअप लिया हुआ है। लेकिन आमतौर पर मैं जब काम नहीं करती तो मैं मेकअप नहीं करती हूं। मगर थोड़ी देर बाद जब मुहुर्त शॉट शुरू होगा तब मुझे मेकअप लेना होगा।”
विदेशी ने भी हंसते हुए महिला से कहा,”मुझे माफ कीजिएगा। मैं बस आपकी टांग खींच रहा था। मैंने रोडेशिया(जिम्बाब्वे) में ये मैगज़ीन खरीदी थी। तभी से मैं आपका फैन हो गया था। आज आपसे मिलकर बहुत खुशी हुई।” वो महिला वाकई में परवीन बाबी ही थी। और वो विदेशी था बॉब क्रिस्टो। वही बॉब क्रिस्टो जो कितनी ही बॉलीवुड फिल्मों में फिरंगी विलेन के तौर पर दिखे थे।
आज बॉब क्रिस्टो की डेथ एनिवर्सरी है। साल 2011 में आज ही के दिन, 20 मार्च को बैंगलोर में बॉब क्रिस्टो का निधन हुआ था। बॉब क्रिस्टो ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में जन्मे थे। इनका असल नाम था रॉबर्ट जॉन क्रिस्टो। पेशे से ये एक सिविल इंजीनियर थे। बॉब को मस्कट जाना था। वो ऑस्ट्रेलिया से बॉम्बे आए थे। और ओमान के वीज़ा का इंतज़ार कर रहे थे।
एक दिन यूं ही मुंबई में घूमते-घूमते बॉब को कुछ लोग शूटिंग करते दिखे। बॉब शूटिंग देखने रुक गए। शूटिंग खत्म करने के बाद बॉब ने उन लोगों से बात की। और बताया कि कैसे उन्होंने रोडेशिया में टाइम मैगज़ीन में बॉलीवुड फिल्मों के बारे में पढ़ा और परवीन बाबी को जाना। उन्हीं लोगों से हुई जान-पहचान की वजह से बॉब को उस दिन द बर्निंग ट्रेन फिल्म के मुहुर्त शॉट पर जाने का मौका मिला था।
बॉब क्रिस्टो ने अपने जीवन पर एक किताब लिखी है। उस किताब का नाम है “फ्लैशबैक: माय लाइफ एंड टाइम्स इन बॉलीवुड।” उसमें बॉब क्रिस्टो के सिनेमाई सफर की पूरी जानकारी है। किसी दिन खरीदूंगा उसको भी। और फिर आप सभी के साथ साझा भी करूंगा कि बॉब ने उस किताब में क्या-क्या लिखा है। किस्सा टीवी बॉब क्रिस्टो जी को नमन करता है।


















