
सुशील शंकर विग एडिटर इन चीफ की रिपोर्ट प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। आबान के जनाजे में शामिल होने जा रहे उमर के काफिले की 30 गाड़ियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि काफिले में शामिल गाड़ियों ने प्रयागराज और प्रतापगढ़ में टोल बैरियर तोड़े और टोल कर्मचारियों को धमकाने के साथ ही कुचलने का प्रयास भी किया।
टोल अधिकारियों ने कुछ गाड़ियों के नंबर और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।नेशनल हाईवे-19 पर स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा, प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित भदरी टोल प्लाजा के अधिकारियों ने अलग-अलग केस दर्ज कराए हैं।
आठ अगस्त की है घटना
बीते 6 अगस्त को झांसी में अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आठ अगस्त को उसका जनाजा उठना था और कसारी-मसारी में शव को दफनाया जाना था। लखनऊ जेल में बंद अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर को छोटे भाई आबान के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट से पैरोल मिली थी। उसे सरकारी वाहन से लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था।
28 नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया
इस दौरान कई गाड़ियां काफिले के पीछे जाती हुई नजर आई थी। आरोप है कि काफिल में शामिल समर्थकों, करीबियों ने टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया। तेज रफ्तार लग्जरी गाड़ियों से टोल कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की। टोल टैक्स मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। नेशनल हाईवे-19 पर स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक टोल मैनेजर जय प्रकाश यादव की तहरीर पर नवाबगंज पुलिस ने 28 नामजद और कई अज्ञात गाड़ियों के खिलाफ मुकदमा किया है।
आरोप है कि सरकारी गाड़ी गुजरने के बाद उनके पीछे कई गड़ियां थीं, जिनके ड्राइवर बिना टोल दिए जबरन निकलने लगे। कर्मचारियों ने रोकने का प्रयास किया तो गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। जान से मारने की नीयत से कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया। बैरियर भी तोड़ दिया। इससे वहां काफी देर तक अफरातफरी मच गई। इससे राजस्व में भी नुकसान होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
गाली-गलौज, वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास
इसके अलावा लखनऊ जेल से प्रयागराज जा रहे उमर के काफिले में शामिल दो वाहनों पर प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित भदरी टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। आरोप है कि टोल कर्मियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो चालक और उसमें सवार लोगों ने अभद्रता की और वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।
टोल प्लाजा के मैनेजर इसाक खान की तहरीर पर हथिगवां पुलिस ने दोनों वाहनों के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया गया कि काफिले में डेढ़ दर्जन से अधिक वाहन शामिल थे। काफिले में शामिल अन्य वाहन भी वहां से निकलते रहे। हालांकि, टोल प्लाजा पर लगे ऑटोमेटिक कैमरा सिस्टम के कारण अन्य वाहनों का टोल स्वत: कट गया।



















