
अतुल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बालोतरा, राजस्थान: किसान अक्सर अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं, लेकिन राजस्थान के बालोतरा से सामने आई एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। किसान मांगीलाल ने चोरी के डर से अपनी 5 लाख रुपये की जमा-पूंजी खेत में गाड़ दी, लेकिन जब पैसे वापस निकालने की बारी आई तो पूरी रकम दीमक खा चुकी थी।
दरअसल, किसान मांगीलाल ने अपनी जमीन बेचने के बाद मिले 5 लाख रुपये घर में रखने से परहेज किया। उन्हें डर था कि घर में पैसे रखने पर चोरी हो सकती है या फिर उनके बेटे पैसे खर्च कर सकते हैं। इसी डर के चलते उन्होंने खेत में गड्ढा खोदकर पैसों की थैली जमीन में छिपा दी और इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को भी नहीं दी।
कुछ समय बाद जब एक कमरा बनाने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो मांगीलाल को खेत में गाड़े गए पैसे निकालने का ख्याल आया। लेकिन तब तक वह यह भूल चुके थे कि पैसे खेत में किस जगह गाड़े थे। उन्होंने काफी दिनों तक खेत में जगह-जगह तलाश की, लेकिन पैसे नहीं मिले।
इसके बाद बरसात के दौरान खेत में बुवाई का काम शुरू हुआ। इसी दौरान जमीन से पैसों की थैली बाहर आ गई। किसान ने जब थैली खोलकर देखी तो उनके होश उड़ गए। थैली में रखे 500-500 रुपये के नोटों को दीमक चट कर चुकी थी। अब सिर्फ नोटों के कुछ टुकड़े ही बचे थे।
जिस रकम को किसान ने चोरी से बचाने के लिए जमीन में छिपाया था, आखिरकार वही उसकी पूरी जमा-पूंजी दीमक खा गई।



















